गुरुग्राम. हरियाणा की मिलेनियम सिटी गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ सेक्टर 48 में शनिवार देर रात दो नाबालिग छात्रों ने अपने ही क्लासमेट को गोली मार दी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पीडि़त छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा है। करीब दो महीने पहले पीडि़त और आरोपी छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी का बदला लेने के लिए शनिवार शाम एक आरोपी ने 11वीं में पढऩे वाले पीडि़त छात्र को मिलने के बहाने खेड़की दौला टोल पर बुलाया। वहाँ से वह उसे सेक्टर 48 स्थित अपने किराए के मकान पर ले गया, जहाँ एक और साथी पहले से मौजूद था।
बताया जा रहा है कि तीनों ने साथ में खाना-पीना किया, जिसके बाद आरोपी छात्र ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल निकाली और पीडि़त पर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनते ही हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल, दो मैगजीन, 70 जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा बरामद किया है। यह पिस्टल एक आरोपी के पिता की है, जो प्रॉपर्टी डीलर हैं और इसे घर में रखा गया था।
घायल छात्र की मां की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस एंगल से भी जाँच कर रही है कि नाबालिगों के हाथ में लाइसेंसी हथियार कैसे आया।
