khabar abhi tak

दमोह में सोशल मीडिया पर मीम शेयर करने पर बवाल, युवक से पैर धुलवाए और फिर वही पानी जबरिया पिलाया

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के पटेरा थाना अंतर्गत सतरिया गांव में सोशल मीडिया पर एक युवक को मीम शेयर करना काफी भारी पड़ गया. उसे गांववालों ने पकड़कर पहले तो पैर धुलवाये और फिर वही पानी पीने के लिए मजबूर भी किया। मामले की जानकारी बाहर आते ही विवाद बढ़ गया है।

बताया जाता है कि गांव के परसोत्तम कुशवाहा नामक युवक ने गांव के ही अन्नू पांडे का एक मीम इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया था। जिसमें एआई तकनीक का इस्तेमाल करके अन्नू पांडे को जूते की माला पहने दिखाया गया था। मीम पोस्ट होने के कुछ ही मिनटों में गांव में मामले ने तूल पकड़ लिया। विवाद बढ़ता देख परसोत्तम ने 15 मिनट के भीतर पोस्ट डिलीट कर दी और सार्वजनिक रूप से माफी भी मांग ली, लेकिन बात यहीं नहीं थमी।

पैर धोकर वही गंदा पानी पीने मजबूर किया

जब इस बात ने तूल पकड़ा तो कुछ लोगों ने उसे पकड़कर सजा दी। उसे अन्नू पांडे के पैर धोकर वही पानी पीने को मजबूर किया गया और पूरे समाज से माफी मांगने को कहा गया। इसके अलावा 5100 रुपए का अर्थदंड भी लिया गया। गांव के ही कुछ लोग इस दौरान मौके पर मौजूद थे, जिनमें कुशवाहा समाज के लोग भी शामिल हैं। पीडि़त परिवार ने अब तक किसी तरह की शिकायत नहीं की है। उनका कहना है कि वे डर के कारण कार्रवाई नहीं चाहते।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने बताया कि मामला काफी गंभीर है और इस पर जांच के निर्देश दिए गए हैं, इसमें जो भी दोषी होगा उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वही एसडीओपी हटा प्रशांत सिंह सुमन ने बताया कि पटेरा थाने के सतरिया गांव का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें युवक को पैर धुलाते हुए दिखाया गया है। इस मामले में पटेरा थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak