khabar abhi tak

सीधी में एसबीआई के अधिकारी को जबलपुर की सीबीआई टीम ने रिश्वत लेते किया अरेस्ट

 
जबलपुर.
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जबलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमपी के सीधी जिले में बैंक में पदस्थ अधिकारी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बैंक अधिकारी का नाम विकास भारती है, जो कि बैंक में फील्ड ऑफिसर के पद पर है। सीधी निवासी कांतिलाल सोनी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई.

दरअसल कांतिलाल सोनी ने सीधी जिले के एसबीआई की मानस भवन शाखा में कुछ दिन पहले मुद्रा लोन के लिए आवेदन किया था। बैंक में उनकी मुलाकात फील्ड ऑफिसर विकास भारती से हुई। दोनों के बीच बातचीत हुई तो फील्ड ऑफिसर ने कांतिलाल को बताया कि आपको सिर्फ 10 लाख रुपए तक ऋण की पात्रता है, इससे ज्यादा नहीं मिल सकता। ऋण स्वीकृत करने की प्रक्रिया के लिए आवश्यक दस्तावेजों सहित अन्य अभिलेख की फोटो कापी और आवेदन पत्र विकास भारती ने ले लिया।

5 लाख के लोन के 20 हजार मांगे

कुछ दिन बाद कांतिलाल को पता चला कि उसे 5 लाख रुपए ही लोन स्वीकृत हुआ है। अगले दिन कांतिलाल, फील्ड ऑफिसर से मुलाकात करने बैंक पहुंचे, तो बताया गया कि 5 लाख रुपए का लोन हुआ है, स्वीकृति के एवज में चेक जारी करने के लिए 20 हजार रुपए रिश्वत लगेगी। कांतिलाल ने देने से मना किया तो चेक देने से मना कर दिया गया, जिसकी शिकायत फरियादी ने जबलपुर सीबीआई कार्यालय विजय नगर में दर्ज करवाई। शिकायत मिलने पर सीबीआई की टीम ने फोन पर दोनों के बीच बातचीत ट्रैप की है। शनिवार की शाम को फील्ड ऑफिसर ने रिश्वत की राशि लेकर कांतिलाल को मिलने के लिए बैंक में बुलाया। जैसे ही कांतिलाल ने फील्ड ऑफिसर को फोन किया वह रिश्वत की रकम लेने के लिए बैंक से निकाल कर बाहर आया।

फील्ड ऑफिसर कांतिलाल से रिश्वत की राशि लेकर जब में रख रहा था तभी पहले से बाहर खड़े सीबीआई की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने फील्ड ऑफिसर के संबंध में बैंक की शाखा और उसके घर पर जाकर भी जांच की है। रिश्वत से जुड़े ऋण मामले के अभिलेख जब्त किए हैं। छापामारी करने वाले सीबीआई की टीम में डीएसपी एके मिश्रा, यूपी सिंह, राहुल तिवारी, नितेश सिंह एवं अन्य शामिल रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak