बागपत. उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में मस्जिद में हुई मां और दो बेटियों की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि दोघट के गांगनौली गांव के शेखो वाले मोहल्ले में बड़ी मस्जिद के मुफ्ती इब्राहिम की पत्नी इसराना, बेटी सोफिया और सुमाइया की शनिवार दोपहर को हत्या करने के बाद दोनों आरोपी किशोरों ने अपने घर में जाकर कपड़े बदले।
इसके बाद गांव के मैदान में कबड्डी खेलने चले गए। कबड्डी खेलने का सबूत पुलिस को दिखाने के लिए उन्होंने साथियों से अपनी वीडियो भी बनवाई। इसके बाद दोपहर में मस्जिद में आकर बंद सीसीटीवी कैमरे को चालू भी किया।
गांगनौली गांव की बड़ी मस्जिद के मुफ्ती इब्राहिम की पत्नी इसराना और दो बेटियों की हत्या का पुलिस ने छह घंटे में खुलासा कर दिया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी दीनी तालीम लेने के लिए मस्जिद में जाते थे। इसके साथ ही दोनों आरोपी गांव के एक स्कूल में कक्षा आठ के छात्र हैं।
सबक याद नहीं करने पर मुफ्ती ने मारा था
दोनों आरोपियों ने बताया कि पांच दिन पहले सबक याद नहीं करने पर मुफ्ती इब्राहिम और इसराना ने एक छात्र की पिटाई कर दी थी। पिटाई से क्षुब्ध छात्र ने अपने साथी के साथ मिलकर मुफ्ती से बदला लेने की योजना बना ली। इसके बाद शुक्रवार को भी उसकी पिटाई कर दी। इससे ही वह काफी गुस्से में हो गए। बताया कि शनिवार दोपहर आरोपी छात्र मस्जिद में गया और सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए। कमरे की अलमारी में रखी बसूली भी उठाकर अपने साथ ले गया।
पीछे के रास्ते से मस्जिद में घुसे
इसके बाद अपने साथी के साथ मिलकर पीछे के रास्ते से मस्जिद में घुसकर बसूली और चाकू से वार कर इसराना, सोफिया, सुमाइया की हत्या कर दी। फिर बाथरूम में जाकर खून से सने कपड़े पर उसने अपना रुमाल रख लिया था। घटना के बारे में किसी से कोई जिक्र नहीं किया और घर पर खून से सने कपड़े बदलने के बाद मैदान में जाकर कबड्डी खेलने लगे।
आरोपी छात्र ने पूरी घटना बताई
उधर, कैमरे बंद और चालू होने की फुटेज में नजर आने पर छात्र शक के घेर में आ गया। पुलिस के पकडऩे पर पूछताछ में उसने हत्या की पूरी घटना बताई। हत्यारोपी किशोरों ने सीढ़ी के नीचे छिपाई बसूली और छत पर फेंका चाकू भी बरामद कराया।
दोनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेजा
पुलिस ने दोनों किशोरों को शनिवार देर रात गांव से पकड़ लिया था। रविवार शाम को किशोरों को न्यायालय बोर्ड बागपत में पेश किया। वहां से उनको बाल सुधार गृह मेरठ भेज दिया गया। किशोर न्यायालय बोर्ड के सदस्य अनिल चौहान ने बताया कि दोनों आरोपी काफी शातिर हैं और वह हर बात पूछने पर सटीक तरीके से जानकारी दे रहे हैं।
मुफ्ती की बीवी और दो मासूम बच्चियों का कत्ल
बागपत जिले के दोघट के गांगनौली की बड़ी मस्जिद परिसर में शनिवार की दोपहर मुफ्ती इब्राहिम की पत्नी आलिमा इसराना (30), बेटी सोफिया (5), सुमाझ्या (2) की दो नाबालिगों ने बसूली से सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर आला कत्ल बसूली और एक चाकू बरामद कर लिया है। शामली जिले के सुन्ना गांव निवासी मुफ्ती इब्राहिम अपने परिवार के साथ गांगनौली की बड़ी मस्जिद में ऊपरी मंजिल में बने कमरे में तीन साल से रह रहे हैं। उनकी पत्नी इसराना आलिमा की पढ़ाई करके पड़ोस की बच्चियों को दीनी तालीम देती थीं।
खून से लथपथ चारपाई पर पड़े थे शव
शनिवार दोपहर में छह बच्चियां दीनी तालीम लेने के लिए मस्जिद में आईं तो काफी देर तक आवाज लगाने पर दरवाजा नहीं खुला। वे सीढ़ी से चढ़कर छत पर गईं और दरवाजा खोला। कमरे में जाकर देखा तो इसराना, सोफिया और सुमाइया के शव खून से लथपथ चारपाई पर पड़े दिखे।
दोनों आरोपी मस्जिद में लेते थे दीनी तालीम
एसपी सूरज कुमार राय के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि वे दोनों मस्जिद में दीनी तालीम लेते थे। उनको मुफ्ती इब्राहिम और कभी इसराना पढ़ाती थी। इब्राहिम उनको डांटने के साथ ही पिटाई कर देते थे। इसलिए गुस्से में परिवार को मारने की योजना बनाई। इसके लिए कई दिन से फिराक में लगे थे। उनको पता चला कि शनिवार को इब्राहिम देवबंद गए हैं तो दोपहर में दोनों मस्जिद में आए।