
पन्ना. एमपी का पन्ना जिला दुनियाभर में प्राकृतिक हीरों के लिए प्रसिद्ध है. आज जब बाजार आर्टिफिशियल हीरों से भरा हुआ है, तब भी पन्ना के असली हीरों की डिमांड लगातार बनी हुई है.यही कारण है कि हजारों लोग खदानों में दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन हर किसी को यह किस्मत नहीं मिलती. यहां पर किस्मत कब किसकी खुल जाये, कहा नहीं जा सकता.
राजपुर, बड़वारा की रहने वाली आदिवासी महिला विनीता गोंड भी अब उन्हीं खुशकिस्मत लोगों की कतार में शामिल हो गई हैं.खदानों की खाक छानते हुए उन्हें एक साथ तीन दुर्लभ हीरे मिले। इस खोज ने उनकी जिंदगी बदल दी और वे रातों-रात लखपति बन गईं.
विनीता गोंड ने पट्टे पर ली गई खदान में काम करते समय यह तीन हीरे खोजे.इनमें से एक हीरा बेहद उच्च गुणवत्ता का बताया जा रहा है। हीरा विशेषज्ञ अनुपम सिंह ने जानकारी दी कि इनका वजन क्रमश: 7 सेंट, 1 कैरेट 48 सेंट और 20 सेंट है.
हीरा कार्यालय में जमा, नीलामी का इंतजार
तीनों हीरे मिलने के बाद विनीता गोंड ने उन्हें पन्ना के हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है.अब अगली नीलामी में इन हीरों की कीमत तय होगी। नीलामी पूरी होने के बाद विनीता गोंड को निर्धारित राशि दे दी जाएगी.