नई दिल्ली/दुबई. भारत ने रविवार (14 सितंबर) को दुबई में खेले गए एशिया कप 2025 मुकाबले में पाकिस्तान को सात विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। हालांकि मैदान पर मिली इस जीत से ज्यादा चर्चा दोनों टीमों के कप्तानों के बीच नो हैंडशेक मोमेंट को लेकर रही।
मैच से पहले और बाद में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ मिलाने से परहेज किया। टॉस के समय भी सूर्या ने सलमान को नजरअंदाज कर दिया, जिसने खेल भावना पर बहस छेड़ दी।
मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में सूर्या ने कहा कि यह जीत पहलगाम आतंकी हमले के पीडि़त परिवारों और आर्म्ड फोर्सेस को समर्पित है। उन्होंने साफ कहा कि सरकार और बीसीसीआई के निर्देश पर ही पाकिस्तान खिलाडिय़ों से हाथ नहीं मिलाया गया।
वहीं पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आगा पोस्ट-मैच सेरेमनी में नजर नहीं आए। इस पर पाकिस्तान के व्हाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कह- हम मैच के बाद भारतीय खिलाडिय़ों से हाथ मिलाने और बातचीत करने को उत्सुक थे, लेकिन उनके रवैये ने निराश किया।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पुष्टि की कि टीम मैनेजर नवीद अख्तर चीमा ने भारतीय टीम के अनुचित व्यवहार और मैच रेफरी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। पीसीबी का कहना है कि मैच रेफरी ने टॉस के समय दोनों कप्तानों से हाथ मिलाने का अनुरोध करने से परहेज किया, जो गंभीर चूक है।
