पुलिस अधिकारियों के अनुसार सतना के भरौली गांव निवासी पुष्पेंद्र सिंह उम्र 25 वर्ष व मुकेश सिंह 20 वर्ष मोटर साइकल से अपनी बहन की ससुराल जाने के लिए निकले। जब वे हिरौंदी-कैलाशपुर रोड से आगे बढ़ रहे थे, इस दौरान सामने से आ रहे भारी वाहन को साइड देने के चक्कर में मोटर साइकल से अपना संतुलन खो बैठे और बाइक सहित गहरी खाई गिर गए। हादसे में पुष्पेन्द्र के शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुकेश खून से लथपथ खाई में पड़ा रहा। राह चलते लोगों ने देखा तो तत्काल पुलिस अधिकारियों को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर मझगवां अस्पताल पहुंचाया। जहां पर पुष्पेन्द्र को डाक्टरों ने भी जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं मुकेश की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सतना के शासकीय अस्पताल रेफर कर दिया।