khabar abhi tak

एमपी : संजय टाइगर रिजर्व में 15 दिनों तक हाथियों की दावत, गन्ना-मिठाई, फलों से होगा स्वागत

 
सीधी.
मध्य प्रदेश के सीधी जिले स्थित संजय टाइगर रिजर्व में आज 24 सितम्बर बुधवार से हाथी महोत्सव की शुरुआत हुई। धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने हाथियों को गन्ना, नारियल और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। महोत्सव में प्रसिद्ध चित्र हथिनी, रघु हाथी समेत कुल 6 हाथी शामिल हुए। हाथियों का पारंपरिक पूजन किया गया। उन्हें फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।

वन विभाग के डीएफओ राजेश कन्ना टी ने बताया कि हाथी जंगल में स्वतंत्र रूप से विचरण करते हैं। वे एक जगह नहीं टिकते। महोत्सव के दौरान रिजर्व में दिखने वाले सभी हाथियों का स्वागत किया जाएगा। इस 15 दिवसीय महोत्सव का मुख्य उद्देश्य मानव-हाथी संघर्ष को कम करना है। साथ ही लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। हाथियों को रोज विशेष भोजन दिया जाएगा। इसमें गन्ना, नारियल, मिठाई और हरी सब्जियां शामिल हैं।

आयोजकों के अनुसार यदि इस दौरान अन्य हाथी भी क्षेत्र में आते हैं, तो उन्हें भी महोत्सव में शामिल किया जाएगा। यह आयोजन स्थानीय समुदाय को संदेश देता है कि वन्यजीव हमारे मित्र हैं। उनकी सुरक्षा और सम्मान सभी की जिम्मेदारी है। महोत्सव में ग्रामीणों और पर्यटकों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak