करंट से मृत बच्चों को नम आंखों से दी विदाई, रोड पार करते हुए पकड़ा पाइप,10 फीट दूर गिरे, पुलिस ने भी मानी समिति की लापरवाही

 

जबलपुर। बरगी हिल्स पीएचई कालोनी के समीप बीती रात दुर्गा पंडाल में हुए हादसे में मृत दोनों बच्चों 8 वर्षीय आयुष झारिया और 10 वर्षीय वेद श्रीवास का आज तिलवारा घाट मुक्तिधाम पर अंतिम संस्कार किया गया। दोनों बच्चों को परिजनों और परिचितों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। इन बच्चों का शव आज मेडिकल कॉलेज में पोस्ट मार्टम होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंपे थे।

                                 घटना तिलवारा थाना क्षेत्र के बरगी हिल्स के पास की है। दोनों बच्चे अपने माता.पिता के इकलौते थे और दोनों की बड़ी बहनें हैं। इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। इस मामले में झांकी में विद्युत साज.सज्जा करने वाले की लापरवाही सामने आई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पंडाल की लाइटिंग व्यवस्था में कई खामियां पाई गई हैं। झांकी में माता की पूजा का जिम्मा संभालने वाले पुजारी मुनीर मिश्रा ने बताया कि आरती के बाद 8 से 10 बच्चे सड़क किनारे खेल रहे थे। इस दौरान आयुष और वेद डिवाइडर के पास पहुंच गए और लोहे के खंभे को छूते ही करंट की चपेट में आ गए। दोनों बच्चे झटके से दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बता दें कि शाम को विद्युत साज-सज्जा करने वाले कर्मियों ने झालर लगाई थी।

पुलिस जांच में लापरवाही उजागर-

पुलिस की प्रारंभिक जांच में विद्युत साज-सज्जा करने वाले व्यक्ति की लापरवाही सामने आई है। पंडाल की लाइटिंग व्यवस्था में कई खामियां पाई गईं, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ। पता लगा रहे हैं कि पंडाल में लाइट कनेक्शन वैध थे या अवैध। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोग अस्पताल लेकर पहुंचे थे-

दोनों बच्चों को जैसे ही करंट लगा, आसपास मौजूद लोग उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने बच्चों का परीक्षण किया और मृत घोषित कर दिया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कलेक्टर को इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

खेल-खेल में पकड़ लिया था पाइप-

बरगी हिल्स के पास पीएचई कॉलोनी के पास सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति का पंडाल लगा है। समिति के सदस्यों के साथ बच्चे भी लाइट लगाने में लगे हुए थे। इस दौरान यहीं रहने वाले आयुष झारिया और वेद श्रीवास वहां खेल रहे थे। खेलने के दौरान दोनों बच्चों ने लोहे के पाइप को पकड़ लिया। बच्चों की चीख निकली और वे गिर पड़े और बेहोश हो गए।

तीन सदस्यीय दल कर रहा जांच-

मंत्री राकेश सिंह के निर्देश पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने घटना की जांच के लिए एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय दल गठित किया है। इसमें लोक निर्माण विभाग के एसडीओ एसके शर्मा और पूर्व क्षेत्र विद्युत कंपनी के सहायक यंत्री दिनेश पाल को सदस्य बनाया है। कलेक्टर ने घटना के कारणों तथा सभी संभावित बिंदुओं की जांच कर तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश जांच दल को दिए हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post