रीवा. मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सिरमौर में प्रसिद्ध क्योंटी जलप्रपात में मंगलवार 26 अगस्त की देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। तीज के त्योहार पर स्नान के लिए गई मां-बेटी नदी के तेज बहाव में बह गईं और करीब 200 फीट नीचे कुंड में समा गईं। अंधेरा हो जाने के कारण रात में रेस्क्यू ऑपरेशन नहीं हो सका।
इसके बाद आज 27 अगस्त बुधवार की सुबह सर्चिंग अभियान शुरू किया गया है। डूबने वालों की पहचान फूलमती सोंधिया (50) और कृषा सोंधिया (20) के रूप में की गई है। त्योंथर डीआरसी की टीम मौके पर दोनों की तलाश कर रही है।
पैर फिसला, बेटी भी बह गई
जानकारी के अनुसार, सिरमौर क्षेत्र की ग्राम पंचायत दुलहरा निवासी सोंधिया परिवार की दो सदस्य मंगलवार शाम करीब 5 बजे तीज के पर्व पर स्नान करने क्योंटी जलप्रपात पहुंचीं थीं। स्नान के दौरान अचानक मां का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगी। मां को बचाने की कोशिश में साथ मौजूद बेटी भी पानी में गिर गई और देखते ही देखते दोनों बहते हुए करीब 200 फीट नीचे कुंड में समा गईं।
पुलिस और एसडीईआरएफ को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर परिजन पहुंचे और सिरमौर थाना पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी दीपक तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों डूबने वालों की पहचान की। अंधेरा हो जाने के कारण तत्काल रेस्क्यू करना संभव नहीं हो सका। जिसकी वजह से बुधवार को तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
सुरक्षा के नहीं हैं पुख्ता इंतजाम
स्थानीय लोगों का कहना है कि रीवा जिले के अधिकांश जलप्रपातों, विशेषकर क्योंटी जैसे बड़े जलप्रपातों में सुरक्षा के कोई पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। न तो रेलिंग है, न चेतावनी बोर्ड, और न ही बचाव दल की तैनाती। केवल पूर्वा जलप्रपात को छोड़ दें तो बाकी सभी स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है।
