झांसी. मंडल रेलवे अस्पताल झांसी में दो घोड़े घुस गए। उन्हें देखकर मरीज और तीमारदारों ने दरवाजे बंद कर लिए। डॉक्टर भी बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। 30 मिनट तक घोड़े अस्पताल में रहे।
बाद में घोड़े पोस्टमॉर्टम हाउस के लिए जाने वाले गेट से बाहर निकल गए। तीमारदार रोहित ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमएस) से इसकी शिकायत की है। वीडियो शुक्रवार का है, लेकिन शनिवार को शाम को सामने आया।
शुक्रवार शाम 5 बजे दो घोड़े अस्पताल में अंदर घुस आए। इसके बाद वह इधर-उधर टहलने लगे। पहले नई इमरजेंसी पहुंचे तो यहां गेट बंद थे। इसके बाद रेडियोलॉजी डिपार्टमेंट की तरफ बढ़ गए। यहां से घूमते हुए वह मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए। इसके बाद पुरुष मेडिकल और सर्जिकल वार्ड की तरफ बढ़ गए। घोड़ों के बिदकने के डर से मरीजों में हलचल होने लगी। तीमारदारों ने मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए वार्ड के गेट बंद कर लिए। इसके बाद घोड़े वार्ड के पास लगे वाटर कूलर के बगल से पोस्टमॉर्टम के लिए जाने वाले गेट से निकल गए। एक मरीज के तीमारदार रोहित ने इसका वीडियो बना लिया।
रोहित ने वीडियो को एक्स पर पोस्ट कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने रेलवे बोर्ड चेयरमैन, उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, डीआरएम झांसी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को टैग कर की शिकायत की। लिखा- यह रेलवे हॉस्पिटल कम पशु चिकित्सालय ज्यादा है। पूरे अस्पताल में घोड़े दौड़ रहे हैं। अगर बिदक जाते हैं तो वह जानलेवा तक हो सकते हैं। लेकिन अधिकारी को अपने ्रष्ट चैंबर से फुर्सत नहीं है। पहले भी आश्वासन दिया था। लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया है। उन्होंने मामले में अधिकारियों से हॉस्पिटल सुपरिटेंडेंट पर सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की है।
