विजयनगर : मां की तबियत खराब होने का झांसा देकर नकली सोना गिरवी रखा और चंपत
जबलपुर। विजयनगर की एक कॉस्मेटिक दुकान में वयोवृद्ध व्यक्ति को दो अज्ञात युवकों ने मां की तबियत खराब होने का झांसा देकर सोना गिरवी रखने का झांसा दिया। सोने की चमक देखकर दुकानदार उनके जाल में फंस गया और वह नकली सोने के बदले 7 लाख रूपए गवां बैठा। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विजयनगर पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की रात एकतानगर निवासी प्रकाश नारायण दुबे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह एमपीईबी से रिटायर्ड है। घर पर बच्चे कास्मेटिक की दुकान संचालित करते हैं। कभी-कभी वह भी दुकान पर बैठता है। 25 जुलाई को दुकान पर बैठा था। तभी 2 अज्ञात लडके सामान लेने आये तथा सामान लेकर चले गये। वे पुनः 26 जुलाई को आये और सामान लेकर चले गये। 27 जुलाई को पुनः वही दोनो लडके आये और सामान लेने लगे। इस दौरान दोनों लड़कों ने बताया कि उनकी मां की तबियत खराब है। उन्हें पैसों की जरूरत है। वे सोने की गुरिया वाली माला गिरवी रखना चाहते हैं। मोके पर उन्होंने उसी गुरिया की माला से सोने जैसे दिखने वाले 2 गुरिया प्रकाश नारायण को दी। दोनों युवक उससे बोले कि आप इन्हे चैक करा लो। दुकानदार नेे उन गुरियो को चैक कराया, जो सोने के निकले।
पुलिस ने बताया कि युवकों ने उसे 1 अगस्त को फोन कर बताया कि मां की तबियत खराब है। वे उसे लेकर बाहर जा रहे हैं। युवकों ने उसे झांसा दिया कि आपको सोना रखना हो तो बताओ। दुकानदार ने पूछा कि कितना सोना है तुम्हारे पास और कितने पैसे लोगे। युवकों ने बताया कि लगभग 15 तोला सोना है। हमें 7 लाख रुपये चाहिये। उसने कहा कि सोना रख लूंगा, पैसा लेकर आता हूं। युवकों ने बताया कि वे दीनदयाल चौक प्रवेश गेट के पास हैं। आप वहीं आ जाओ। दुकानदार सोने की चमक में फंस गया और वह बैंक से पैसे निकालकर दीनदयाल चौक प्रवेश द्वार के पास पहुंचा। वहां दोनों लडके मिले, जिन्होने उसेे सोने जैसी गुरिया वाली माला दी। दुकानदार ने उन्हे 7 लाख रुपये नगद दिये, दोनों लड़के उससे 7 लाख रूपये लेकर चले गए। वह सोने जैसे गुरिया की माला लेकर घर आ गया। घर पहुंच कर उसे लगा की यह सोना नकली तो नहीं है। उसने युवकों द्वारा दिए गए फोन नंबर पर सम्पर्क किया, जो बंद आया। हैरान-परेशान दुकानदार वह सोना ले जा कर ज्योती गोल्ड एन्ड सिल्वर लैब में चैक कराया तो सोने के गुरिया जैसी माला पीतल की निकली।