khabar abhi tak

ट्रक में घुसी मिनी बस, 4 की मौत, 7 गंभीर, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हादसा, इंदौर से सगाई फंक्शन से लौट रही थी

 

कोटा. सगाई फंक्शन से लौट रही मिनी बस (ट्रैवलर) आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। इस हादसे में 2 सगे ज्वेलर भाई, उनकी मां और बहनोई (बहन के पति) की मौत हो गई। परिवार के 10 अन्य लोग घायल हैं। इसमें से 7 की स्थिति गंभीर है। करौली का रहने वाला यह परिवार इंदौर (MP) से लौट रहा था। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटना रविवार सुबह कोटा (ग्रामीण) के दीगोद उपखंड इलाके में सुबह करीब 5 बजे हुई।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया- शनिवार को करौली के सीताबाड़ी इलाके की रहने वाली ज्वेलर फैमिली इंदौर (मध्य प्रदेश) गई थी। इंदौर में लड़के का सगाई-गोदभराई कार्यक्रम था। शनिवार को ही रात के नौ बजे परिवार के सभी लोग मिनी बस से करौली के लिए चले थे।

रविवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के चंबल पुल पर (बुढ़ादीत गांव) दुर्घटना हो गई। हादसा देखकर लगता है कि मिनी बस की स्पीड काफी तेज थी। आशंका जताई जा रही है कि मिनी बस के ड्राइवर को झपकी आने के कारण हादसा हुआ है।

मिनी बस में सवार सुरेश सोनी (45), ब्रजेश सोनी (45), गीता सोनी (63) और अनिल सोनी (48) की मौके पर ही मौत हो गई। ये लोग करौली के सीताबाड़ी इलाके के रहने वाले थे। अनिल और ब्रजेश सगे भाई थे। इनकी मां गीता थी। सुरेश, गीता के दामाद थे। अनिल और ब्रजेश ज्वेलर थे। सुरेश सरकारी टीचर थे। उनकी पोस्टिंग भरतपुर में थी।

सगाई कार्यक्रम में सोनी परिवार के 14 लोग गए थे। 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक ने एमबीएस हॉस्पिटल (कोटा) में इलाज के दौरान दम तोड़ा।

सूचना पर बुढ़ादित पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। शवों को इसी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

अनिल के भतीजे संजय ने बताया- परिवार के सदस्य सानिया, ममता, संजू, छोटू समेत 7 लोग हॉस्पिटल में एडमिट हैं। 4 को प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया है। 3 का इलाज एमबीएस हॉस्पिटल में चल रहा है। तीन सदस्यों को हल्की चोट आई थी। उन्हें हॉस्पिटल से छुट्‌टी दे दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak