khabar abhi tak

पीएम मोदी की 'वैक्सीन कूटनीति पर थरूर की प्रशंसा पर भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी बोले, 'आरोप लगाने वाले हो रहे बेनकाब '



नई दिल्ली । भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को कहा है कि पीएम मोदी की वैक्सीन कूटनीति को लेकर कल तक जो कांग्रेस के नेता आरोप लगा रहे थे, अब वे बेनकाब होने लगे हैं।दरअसल, पीएम मोदी की वैक्सीन कूटनीति की कांग्रेस नेता शशि थरूर ने तारीफ की है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने भारत की ग्लोबल सॉफ्ट पावर को मजबूत किया। शशि थरूर द्वारा पीएम मोदी की कोविड-19 वैक्सीन कूटनीति की प्रशंसा करने पर भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात की।

उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया ने देखा कि कैसे कोविड-19 महामारी के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए अथक काम किया। पीएम मोदी के प्रयास उल्लेखनीय थे, जिसे दुनियाभर के लोगों ने देखा है, जो एक उदाहरण बना। पीएम के इस प्रयास के लिए विश्व भर के लोगों से उन्हें सम्मान मिला। हालांकि, कुछ लोग फिर भी आलोचना करने से नहीं चूके। लेकिन ऐसा करने वाले अब खुद बेनकाब हो रहे हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा भाजपा पर विभाजनकारी राजनीति करने के आरोप पर भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि सांप्रदायिक शोषण की होड़ चल रही है, सांप्रदायिकता को मजबूत करने की होड़ चल रही है। लोग समाज में भ्रम और विरोधाभास पैदा करने में लगे हुए हैं, सांप्रदायिक माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। आज मीठी ईद है और मीठी ईद के दिन भी कड़वी-कड़वी बात कर रहे हैं। मीठी ईद के दिन इस तरह की बाते कर त्योहार के टेस्ट को खराब कर रहे हैं। कुछ लोगों को लगता है कि कमरे में टोपी और सड़क पर तिलक लगाकर सेक्युलरिज्म के सर्वश्रेष्ठ सियासी सुरमा बन जाएंगे, तो यह उनकी गलतफहमी है।

केरल कैथोलिक बिशप काउंसिल (केसीबीसी) द्वारा राज्य के सांसदों से वक्फ संशोधन बिल पर की गई अपील पर भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि एक चीज मैं साफ कर देना चाहता हूं कि यह बिल संसद में बना था और संसद में ही सुधार होगा। कुछ लोगों ने इस बिल को लेकर भ्रम फैलाने का काम किया। इस बिल को लेकर देश आगे बढ़ चुका है। इस संशोधन से किसी की धार्मिक आस्था को ठेस नहीं पहुंचेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak