khabar abhi tak

सफर में मिल रहा घर जैसा अपनापन, स्टेशनों पर गूंज रहे छठ गीत,देखें वीडियो





जबलपुर
। छठ महापर्व के अवसर पर यात्रियों को सुखद, आत्मीय और त्योहार जैसा माहौल देने के लिए जबलपुर रेल मंडल द्वारा अनूठी सांस्कृतिक पहल की गई है। मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता की देखरेख में जबलपुर, मदन महल, पिपरिया, नरसिंहपुर, कटनी, सतना, मैहर, सागर, दमोह, रीवा और ब्यौहारी स्टेशनों पर छठ पूजा के पारंपरिक लोकगीतों का प्रसारण शुरू किया गया है। यह प्रसारण विशेष रूप से छठ पूजा स्पेशल ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के दौरान उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है। इस प्रयास से घर से दूर रहकर यात्रा कर रहे बिहार और पूर्वांचल के यात्रियों को अपनी मिट्टी, क्षेत्रीय परंपरा और परिवार के पास होने का सुखद अनुभव मिल रहा है।

​उद्घोषणा सिस्टम से गूंज रहे पारंपरिक छठ लोकगीत

​रेलवे स्टेशनों पर केलवा के पात पर उगेलन सुरुजदेव और काँच ही बाँस के बहंगिया जैसे लोकप्रिय पारंपरिक गीत सुनाए जा रहे हैं। इन मधुर गीतों की गूंज से पूरे स्टेशन परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल निर्मित हो रहा है। महापर्व में शामिल होने के लिए अपने गृह नगर लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए यह व्यवस्था विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। लोकगीतों की धुन सुनकर मुसाफिरों को सफर की थकान के बीच भी पर्व के उत्सव और उल्लास की अनुभूति हो रही है।

​यात्री सुविधाओं के साथ सांस्कृतिक जुड़ाव को मिली प्राथमिकता

​रेल प्रशासन द्वारा त्योहारों के दौरान सुगम यातायात के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य मुसाफिरों की यात्रा को यादगार बनाना और उनकी क्षेत्रीय भावनाओं का सम्मान करना है। भारतीय रेल की इस कार्यशैली से रेलवे स्टेशन अब केवल आवागमन के केंद्र न रहकर खुशियों और लोक संस्कृति के संवाहक बन रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak