khabar abhi tak

हाईटेक मंच पर जीवंत होंगे प्रभु श्रीराम के प्रसंग



जबलपुर। संस्कारधानी की ऐतिहासिक श्री गोविंदगंज रामलीला समिति अपने 162वें वर्ष में प्रवेश कर रही है, जिसका 21 दिवसीय मंचन 4 अक्टूबर से मुकुट पूजन चल समारोह के साथ प्रारंभ होगा। इस पावन अवसर को भव्य बनाने की रूपरेखा अध्यक्ष पं अनिल तिवारी, व्यास पं वासुदेव शास्त्री, उपव्यास मोहन महाराज, संरक्षक रवि गुप्ता एवं राकेश पाठक ने प्रेस से साझा की। बैठक में संजीव तिवारी, विजय सरावगी, रवीन्द्र मघरिया, राकेश पाठक गायक, अरुण दुबे, कमल किशोर तिवारी, पवन पांडे, पीयूश विश्वकर्मा, मनीष पाठक, राजीव गोयल मंगू, महेश गुललहा, दीपक अग्रवाल, किशन अग्रवाल, गुड्डा रैकवार, चप्पू गुप्ता, अतुल पांडे, दीपक पांडे और ओम दुबे उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने प्रभु चरित्र को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

​अत्याधुनिक फोल्डिंग मंच पर दिखेगी त्रेतायुग की दिव्य छटा

​समिति ने वर्षा से बचाव के लिए टीन शेड युक्त लगभग 3000 वर्गफिट का विशालकाय फोल्डिंग ढांचा तैयार कराया है, जो मध्य भारत का सबसे बड़ा मंच माना जा रहा है। ऊंचाई बढ़ने से अंतिम छोर पर बैठा दर्शक भी हर दृश्य को स्पष्ट निहार सकेगा। पिछले 2 माह से चल रहे अभ्यास के दम पर कलाकार पुष्पवाटिका, अशोक वाटिका, रावण दरबार, बाणासुर की शिव अर्चना, ताड़का और शूर्पणखा के अट्टहास सहित मेघनाद द्वारा बाणों से अग्निवर्षा जैसे अलौकिक प्रसंग जीवंत करेंगे। मंच सज्जा में आधुनिक ध्वनि, प्रकाश, वेशभूषा, श्रृंगार, शस्त्र कौशल तथा पात्रों के विशिष्ट प्रवेश पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही चारों पारंपारिक जुलूसों को अभूतपूर्व रूप देने का जतन हो रहा है।

​प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच संपन्न होंगे सभी धार्मिक प्रसंग

​मंचीय प्रस्तुतियों की शुरुआत 5 अक्टूबर को राम जन्म एवं नारद मोह से होगी। इसके बाद 8 अक्टूबर को धनुष यज्ञ, 9 अक्टूबर को श्रीराम बारात, 14 अक्टूबर को सीता हरण, 16 अक्टूबर को लंका दहन तथा 18 अक्टूबर को लक्ष्मण शक्ति का मंचन तय है। भगवान का राज्याभिषेक 22 अक्टूबर को संपन्न होगा और 24 अक्टूबर को भंडारे के साथ पूर्णाहूति होगी। पूर्व सीपीआरओ राकेश पाठक ने नगर निगम से शोभायात्रा मार्ग के गड्ढे भरने, पेड़ों की शाखाएं छांटने, गलियों में प्रकाश, चलित शौचालय और पेयजल व्यवस्था की मांग की। बिजली विभाग से लटकते तार कसने तथा पुलिस अधीक्षक से मातृशक्ति की सुरक्षा हेतु बल तैनात करने का आग्रह किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak