जबलपुर. बहुप्रतीक्षित मानिकपुर- सतना-कटनी- जबलपुर-इटारसी रेल खंड जो अभी डबल है, उसे तीसरी लाइन बिछाने का जो सर्वे का काम चल रहा था वह अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है. शीघ्र ही आगे की सभी औपचारिकताएं पूरी होने पर इसका काम शुरू होगा.
उल्लेखनीय है कि उत्तर भारत से दक्षिण व पश्चिमी भारत को आपस में जोडऩे वाला यह महत्वपूर्ण रेल मार्ग अभी डबल है, इस रेल मार्ग के प्रयागराज से मानिकपुर तक तीसरी रेल लाइन के बीच कई स्थानों पर काम लगभग पूरा हो चुका तो कुछ जगह काम चल रहा है, किंतु मानिकपुर से जबलपुर-इटारसी के बीच अभी सर्वे ही चल रहा है, लेकिन अब इसके आगे की प्रक्रिया तेज पकडऩे की संभावना बलवति हो गई है, क्योंकि सर्वे का काम लगभग पूरा हो चुका है. इस संबंध में पमरे के जबलपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता का कहना है कि सर्वे के बाद डीपीआर तैयार हो रही है, यह काम पूरा होने के बाद तीसरी रेल लाइन के लिए निविदा बुलाई जायेगी, फिर काम शुरू होगा.
