khabar abhi tak

मांटेसरी स्कूल के 94 विद्यार्थियों को 1978 बैच के पूर्व विद्यार्थियों ने भेंट किए जूते-मोजे के सेट

पुनर्मिलन में लिया था स्कूल और विद्यार्थियों के हित में योगदान का संकल्प

जबलपुर। मोंटेसरी स्कूल (शासकीय पूर्व प्राथमिक प्रशिक्षण संस्थान) के 1978 बैच के पूर्व विद्यार्थियों ने अपने स्कूल से जुड़ी स्मृतियों को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए वर्तमान विद्यार्थियों के लिए अनुकरणीय पहल की है। बैच के सदस्यों ने स्कूल में अध्ययनरत सभी 94 विद्यार्थियों को जूते और मोजों के सेट भेंट किए।

होम साइंस कॉलेज परिसर में स्थित मोंटेसरी स्कूल की स्थापना करीब 72 वर्ष पूर्व हुई थी। इस संस्थान से शिक्षा प्राप्त कर चुके हजारों विद्यार्थी आज देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं और योगदान दे रहे हैं। स्कूल से अपने पुराने जुड़ाव को बनाए रखते हुए वर्ष 2022 में आयोजित 1978 बैच के प्रथम पुनर्मिलन समारोह में पूर्व विद्यार्थियों ने संकल्प लिया था कि वे समय-समय पर स्कूल तथा यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अपनी ओर से योगदान देते रहेंगे।

इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए 1978 बैच के पूर्व विद्यार्थियों अशेष तिवारी, अमर मेहता, राजू जैन, दिनेश पहाडिय़ा एवं विनय शुक्ला ने स्कूल पहुंचकर सभी 94 विद्यार्थियों को जूते-मोजों के सेट भेंट किए। इस अवसर पर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी देखते ही बनती थी।

1978 बैच अल्युमनी के संयोजक अशेष तिवारी ने कहा कि स्कूल से मिली शिक्षा और संस्कारों से उनका जीवन समृद्ध हुआ है। अपने विद्यालय के प्रति दायित्व को ध्यान में रखते हुए बैच के सभी सदस्य भविष्य में भी स्कूल और विद्यार्थियों के हित में अपनी क्षमता के अनुसार निरंतर सहयोग करते रहेंगे। कार्यक्रम में शासकीय पूर्व प्राथमिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य डॉ. राममोहन तिवारी, संगीता श्रीवास्तव, कुसुम पासी, शीबा खान, रश्मि दवे एवं किरण महोबिया सहित स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थीं। पुराने विद्यार्थियों का यह प्रयास केवल जूते-मोजे भेंट करने तक सीमित नहीं, बल्कि अपने विद्यालय से जुड़ी स्मृतियों, आत्मीयता और सामाजिक जिम्मेदारी को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सुंदर उदाहरण भी बना।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak