जबलपुर. मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन में जबलपुर रेल मंडल में हर घर तिरंगा (एचजीटी) अभियान-2026 के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत मंडल के जबलपुर, मदन महल, श्रीधाम, नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, सिहोरा, कटनी, सतना, रीवा, सागर, दमोह, ब्यौहारी सहित विभिन्न स्टेशनों पर देशभक्ति गीत चलाए जा रहे हैं। इससे स्टेशन परिसर देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो रहे हैं।इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं वेस्ट सेंट्रल रेलवे सीनियर सेकेंडरी स्कूल न्यू कटनी जंक्शन के प्रभारी प्राचार्य श्री जे. पटेरिया के मार्गदर्शन में आज 10 अगस्त 2026 को विद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक रैली में भाग लिया तथा देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति एवं राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।

