ओवरनाइट एक्सप्रेस से आयेंगी, सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से करेंगी संवाद
जबलपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की तेलंगाना राज्य की प्रभारी और पूर्व सांसद सुश्री मीनाक्षी नटराजन कल प्रातः ओवरनाइट एक्सप्रेस से जबलपुर पहुंच रही हैं। शहर कांग्रेस कमेटी जबलपुर के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने बताया कि आगमन के बाद वे सर्किट हाउस क्रमांक-2 में सुबह 9 बजे कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। इस दौरान वे संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करने के साथ ही कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद भी करेंगी। इसके पश्चात वे विभिन्न निर्धारित कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर सायंकाल नागपुर के लिए प्रस्थान करेंगी। शहर अध्यक्ष श्री शर्मा ने समस्त कांग्रेसजनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर उनका आत्मीय स्वागत करें और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। इस पूरी यात्रा के दौरान पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। स्थानीय कार्यकर्ताओं में इस दौरे को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और सभी लोग उनकी आगवानी की तैयारियों में जुट गए हैं।
