khabar abhi tak

धुआंधार के जंगल में छिपाकर रखा था चोरी का लोहा, भेड़ाघाट पुलिस ने गाड़ी समेत पकड़ा, देखें वीडियो


जबलपुर। थाना भेड़ाघाट अंतर्गत आदिनाथ स्टील्स परिसर से बड़े पैमाने पर लोहा चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सरिया के 27 बंडल, जिनकी कीमत 2 लाख रुपये है, और वारदात में इस्तेमाल पिक-अप वाहन को जब्त किया गया है। यह पूरी कार्रवाई आदिनाथ स्टील्स के मैनेजर कमलेश अवस्थी द्वारा कंपनी परिसर से 90 बंडल सरिया गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से की गई। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कमलेश चौरिया की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों सोनू काछी, लेखराम उर्फ गुड्डू पटेल और चेतराम यादव को गिरफ्तार किया है।

​फैक्टरी परिसर से लगातार हो रही थी लोहे की चोरी

​भेड़ाघाट के ग्राम तेवर में स्थित आदिनाथ स्टील्स के मैनेजर कमलेश अवस्थी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि पिछले कुछ समय से परिसर में रखे लोहे के सरिया लगातार कम हो रहे थे। जब उन्होंने परिसर में रखे स्टॉक की गिनती की तो कुल 90 बंडल सरिया गायब मिले, जिसकी सूचना उन्होंने तुरंत कंपनी के मालिक अशोक कुमार जैन को दी। मैनेजर की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने फैक्टरी और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और अपने खुफिया तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भेड़ाघाट चौक के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।

​पिक-अप से बरामद हुए चोरी के बंडल

​थाने लाकर जब तीनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने आदिनाथ स्टील्स परिसर से सरिया चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चुराए गए माल में से कुछ हिस्सा कबाड़ियों को बेच दिया था, जबकि बाकी बचे 27 बंडल सरिया को धुआंधार ध्यान केंद्र के पास जंगल में एक पिकअप गाड़ी में लोड करके छिपा रखा था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जंगल में दबिश देकर 2 लाख रुपये कीमत का सरिया और परिवहन में इस्तेमाल लोडिंग गाड़ी को जब्त कर लिया। इस पूरी कार्रवाई को सफलता तक पहुंचाने में प्रधान आरक्षक राजेश धुर्वे, आरक्षक संतोष जाट, अरविंद और अंकित की मुख्य भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak