khabar abhi tak

जबलपुर : दद्दा घाट में डूबे 3 दोस्तों का एक साथ निकला जनाजा, कब्रिस्तान में एक-दूसरे के बाजू में किया गया दफन

जबलपुर. शहर में नर्मदा नदी के दद्दा घाट पर नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतकों के परिवार का कहना है कि जब तीनों लड़के नदी में डूब रहे थे, तब मौके पर मौजूद नाव चालकों से मदद मांगी गई, लेकिन उन्होंने पहले पैसे मांगे। समय पर मदद नहीं मिलने के कारण तीनों की जान चली गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं रविवार की शाम को तीनों दोस्तों की एक साथ जनाजा निकला और उन्हें एक-दूसरे के बाजू में दफनाया गया. जिसे देखकर क्षेत्र के लोगों की आंखें नम हो गईं.

मुजावर मोहल्ला निवासी 8 दोस्त शनिवार को मोहर्रम की छुट्टी होने के कारण बाइक से दद्दा घाट नहाने गए थे। नहाते समय सोहिल गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए साहिल और साबिर आगे बढ़े, लेकिन तीनों गहरे पानी में समा गए। कुछ देर बाद तीनों के शव नदी से निकाले गए।

परिजनों का आरोप- पहले पैसे मांगे

मृतक साबिर उर्फ राजा के पिता का आरोप है कि जब उनके बेटे और उसके दोस्त नदी में डूब रहे थे, तब उनके साथ मौजूद अन्य लड़के मदद मांगने के लिए घाट पर मौजूद नाव चालकों और गोताखोरों के पास पहुंचे। लेकिन वहां मौजूद लोगों ने पहले पैसे देने की बात कही। परिजनों का कहना है कि बच्चों के दोस्तों ने हाथ जोड़कर कहा कि पहले बच्चों को बचा लीजिए, पैसे बाद में परिवार वाले दे देंगे। इसके बावजूद किसी ने तुरंत नदी में उतरकर उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की। उनका आरोप है कि चंद रुपये के लालच में तीन बच्चों की जान चली गई। मृतक साहिल, सोहिल और साबिर की उम्र 16 से 18 साल के बीच थी। तीनों निजी काम करते थे और गरीब परिवारों से थे। परिजनों के अनुसार, तीनों अपने-अपने परिवार की इकलौती संतान थे।

एक साथ निकला जनाजा, साथ ही सुपुर्द-ए-खाक

रविवार शाम तीनों दोस्तों का जनाजा एक साथ मुजावर मोहल्ले से निकला। बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। तीनों को सूपाताल कब्रिस्तान में एक ही स्थान पर सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अंतिम विदाई के दौरान परिवार और मोहल्ले के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।

पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू की

सीएसपी आशीष जैन ने बताया कि परिजनों ने नाव चालकों पर पैसे मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak