
राजगढ़. एमपी के राजगढ़ जिले में गुरुवार 28 मई की शाम को प्रेम प्रसंग के चलते एक युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। युवती की जिद थी कि वो अपने प्रेमी से ही शादी करेगी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने युवती को समझाने की काफी कोशिश की लेकिन वो नहीं मानी। आखिर में मौके पर पहुंचे युवती के प्रेमी ने जब उससे शादी का वादा किया तो युवती का गुस्सा शांत हुआ और वो टॉवर से नीचे उतरी।
सुठालिया नगर में गुरुवार शाम को उस वक्त लोग हैरान रह गए जब उन्होंने सलवार सूट पहनी एक युवती को ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ा देखा। लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए कहा और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवती को समझाने की कोशिश करते हुए उससे नीचे उतरने के लिए कहा तो युवती ने जवाब दिया कि वो तब तक नीचे नहीं उतरेगी जब तक उसका प्रेमी उससे शादी करने के लिए राजी नहीं हो जाता।
प्रेमी ने किया शादी का वादा, तब आयी नीचे
करीब आधे घंटे तक युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ी रही और ये ड्रामा चलता रहा। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब आधे घंटे बाद जब युवती का प्रेमी मौके पर पहुंचा और उससे शादी करने का वादा किया तो युवती का गुस्सा शांत हुआ और वो टॉवर से नीचे उतरी। बताया जा रहा है कि युवती का लंबे समय से क्षेत्र के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रेमी जोड़ा पहले भी घर से भागने का प्रयास कर चुका है, लेकिन तब दोनों के परिजन उन्हें समझाकर वापस ले आए थे। युवती के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई, जहां दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर समझाइश दी गई।