जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मेढ़ी झामर के पास सोमवार दोपहर को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में तीन तेज रफ्तार मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं, जिसके परिणामस्वरूप एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर दो मोटरसाइकिलें सामने से टकराई थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तीसरी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पाटन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए पाटन के शासकीय अस्पताल पहुंचाया।
एक घायल को जबलपुर रेफर किया
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। घायलों में एक दंपति और उनकी बेटी भी शामिल है। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार पाटन में ही चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। सभी पीड़ित अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
