khabar abhi tak

बरेला में पिकनिक के दौरान बड़ा हादसा, वाटर पार्क में करंट लगने से युवक की मौत

 


बरेला के निसर्ग पार्क में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था रांझी का साजन विश्वकर्मा, अस्पताल में डॉक्टरों ने तोड़ा दम

जबलपुर। रांझी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बड़ा पत्थर झंडा चौक के रहने वाले 21 वर्षीय युवक साजन विश्वकर्मा अपने 3 साथियों के साथ छुट्टियां बिताने के लिए बरेला में बने निसर्ग वाटर पार्क पहुंचे थे। चारों दोस्त वहां पानी के खेल और अन्य झूलों का आनंद ले रहे थे। इसी बीच साजन विश्वकर्मा पार्क के अंदर लगी फिसल पट्टी के करीब चले गए। फिसल पट्टी की सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की रेलिंग के पाइप में तकनीकी खराबी के कारण बिजली का तेज करंट दौड़ रहा था। अनजान साजन ने जैसे ही संतुलन बनाने के लिए उस पाइप को पकड़ा, वे करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए और जमीन पर गिर पड़े। साजन को तड़पता देख उनके तीनों दोस्त और पार्क के कर्मचारी तुरंत उन्हें लेकर विक्टोरिया अस्पताल भागे। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने साजन की जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे रांझी इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने वाटर पार्क संचालकों की इस घोर लापरवाही पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। घटना की सूचना पाकर पुलिस टीम ने मर्ग दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाटर पार्क के बिजली सिस्टम की बारीकी से जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों में अनदेखी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak