khabar abhi tak

शिवाजी ग्राउंड में पंजाबी यूनिटी लीग का भव्य आगाज, रंगारंग आतिशबाजी के बीच टूर्नामेंट की शुरुआत

जबलपुर. पंजाबी महासंघ जबलपुर की यूथ विंग के तत्वावधान में बहुप्रतीक्षित पंजाबी यूनिटी लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का स्थानीय शिवाजी ग्राउंड सदर में अत्यंत भव्यता के साथ शुभारंभ किया गया. आकाश में उड़ते रंग-बिरंगे गुब्बारों और शानदार आतिशबाजी के बीच टूर्नामेंट की औपचारिक शुरुआत की घोषणा की गई. 

कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाने के लिए मुख्य रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महाकौशल प्रांत के प्रचार प्रमुख श्री विनोद जी दिनेश्वर भाई साहब उपस्थित रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलन और खेल भावना की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया. उनके साथ मंच पर जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, कैंट विधानसभा के विधायक अशोक रोहणी, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर और राष्ट्रीय पंजाबी महासंघ के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री इंद्र मोहन भाटिया जैसे दिग्गज व्यक्तित्वों की मौजूदगी ने समारोह को राजनीतिक और सामाजिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण बना दिया.

मुंबई में निर्मित शानदार ट्राफी आकर्षण का केंद्र

उद्घाटन समारोह का आकर्षण उस समय अपने चरम पर पहुंच गया, जब अतिथियों ने विशेष रूप से मुंबई से निर्मित होकर आई भव्य विजेता ट्रॉफी का अनावरण किया. इस चमचमाती ट्रॉफी को देखकर खिलाडिय़ों के चेहरे पर जीत का जज्बा साफ दिखाई दे रहा था. इसके उपरांत केक काटकर खुशियाँ मनाई गईं और सभी गणमान्य अतिथियों ने पंजाबी समाज के इस प्रयास की सराहना की. इस अवसर पर पंजाबी महासंघ के शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी और वरिष्ठ जन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे जिनमें संदीप विजन, अजय ग्रोवर, दीपक अरोरा, कुलदीप कोहली, राजेश चंडोक, निखिल पाहवा, प्रवीण गुलाटी, किरण राजपूत, नितिन शर्मा, अनुज गुलाटी, राघव सेठी, अनमोल वाधवा, आयुष मक्कड़ और रमनदीप सिंह जैसे नाम शामिल थे. 

समारोह के दौरान राष्ट्रीय पंजाबी महासंघ यूथ विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन भाटिया ने अपने संबोधन में एक बहुत ही महत्वपूर्ण संदेश साझा किया. उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जिंदगी में इस प्रकार के खेल आयोजनों की नितांत आवश्यकता है क्योंकि ये आयोजन केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी प्रेम और सौहार्द को बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम हैं. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खेल को खेल की भावना से खेलें और समाज के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें. आयोजन को सफल बनाने में पंजाबी महासंघ जबलपुर की महिला कार्यकारिणी अध्यक्ष श्रीमती नीता नारंग, सचिव अरविंद नैय्यर, सह-सचिव राकेश महाजन और यूथ विंग के अध्यक्ष श्री कौशल का विशेष योगदान रहा.

इस पूरे भव्य आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने में सचिव रौनक सभरवाल, संरक्षक शैलेंद्र कपूर, हिमांशु जग्गी (रॉबीन), कोषाध्यक्ष नमन मेहता और वरिष्ठ खिलाड़ी उज्जवल मेहता एवं कुशल आहूजा की टीम ने दिन-रात मेहनत की. शिवाजी ग्राउंड की सजावट से लेकर खिलाडिय़ों की सुख-सुविधाओं तक हर बारीक पहलू का ध्यान रखा गया था, ताकि जबलपुर के खेल इतिहास में इस लीग को सुनहरे अक्षरों में दर्ज किया जा सके.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak