khabar abhi tak

कटनी में हादसा : तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मारी, परीक्षा देने जा रही 7 छात्राएं घायल

कटनी. एमपी के कटनी में बुधवार 12 मई को एक सड़क हादसे में 7 छात्राएं और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। माधव नगर थाना क्षेत्र के कटनी-जबलपुर मार्ग पर बिलहरी मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार ने छात्राओं से भरे ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पलट गया।

जानकारी के अनुसार, झुकेही निवासी बीए प्रथम वर्ष की सात छात्राएं अपनी प्रैक्टिकल परीक्षा देने के लिए कटनी स्थित शासकीय कन्या महाविद्यालय जा रही थीं। वे ऑटो में सवार थीं और जैसे ही उनका ऑटो बिलहरी मोड़ के पास पहुंचा, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने ऑटो में फंसी घायल छात्राओं को बाहर निकाला और एम्बुलेंस व पुलिस को सूचना दी।

सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, छात्राओं को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनका और ऑटो चालक का उपचार कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही छात्राओं के परिजन अस्पताल पहुंच गए।

हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। माधव नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल छात्राओं के बयान दर्ज किए। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से कार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हादसे में कुमकुम रजक अजनी लोधी, माया गैलरी, खुशी विश्वकर्मा, सीमा यादव, ललिता सेन, मुस्कान को चोटें पहुंची हैं.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak