जबलपुर। जबलपुर के पाटन से लगे ग्राम खमरिया कला तेंदूखेड़ा में आज सुबह के वक्त हड़कम्प मच गया, जब एक युवक बिज्जू आदिवासी 33 केवी बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। बिज्जू को टॉवर पर देख गांव के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। जिनकी सूचना पर पहुंचे पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने युवक को उतरने के लिए कहा लेकिन वह नहीं माना, इसके बाद जबलपुर से रेस्क्यू टीम बुलाई गई।
बताया गया है कि खमरिया कला निवासी बिज्जू आदिवासी उम्र 25 वर्ष आज सुबह 7 बजे के लगभग गांव में इधर से उधर घूमता रहा। इसके बाद वह 33 केवी विद्युत लाइन के टॉवर पर चढऩे लगा। बिज्जू को टॉवर पर चढ़ते देख लोगों ने शोर मचाकर उतरने के लिए कहा लेकिन वह और ऊॅपर चढ़ता ही चला गया। बिज्जू करीब 150 फीट की ऊंचाई तक पहुंच गया। देखते ही देखते गांव में यह खबर आग की तरह फैल गई, कई ग्रामीणजन एकत्र हो गए, उन्होने अपने स्तर पर समझाइश देते हुए नीचे उतरने के लिए कहा लेकिन वह किसी की बात सुनने के लिए तैयार नहीं था। खबर मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए, वे भी युवक को नीचे उतारने की कोशिश में लगे रहे। युवक जब नीचे नहीं आया तो सुरक्षा के मद्देनजर बिजली की लाइनें बंद कराई गई, फिर जबलपुर से रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बिज्जु इससे पहले भी दो-तीन बार बिजली टावरों पर चढ़ चुका है। पुलिस का कहना है कि युवक मानसिक रूप से बीमार है।
Tags
jabalpur