khabar abhi tak

एमपी : पेट्रोल पंप पर भयानक आग, 13 लोग झुलसे, कई गंभीर, टैंकर समेत 15 बाइक राख

राजगढ़. एमपी के राजगढ़ जिले के पचोर शहर में सोमवार 11 मई की देर रात बड़ा हादसा हो गया। भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप अचानक आग का गोला बन गया। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि वहां मौजूद लोग जान बचाकर भागने लगे। घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आने से 13 लोग झुलस गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे में पेट्रोल से भरा एक टैंकर और करीब 15 मोटरसाइकिलें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। घायलों को तुरंत शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

ऐसे लगी भीषण आग?

जानकारी के मुताबिक, देर रात पेट्रोल पंप पर अचानक आग भड़क उठी। शुरुआती समय में किसी को समझ नहीं आया कि आग कैसे लगी, लेकिन कुछ ही मिनटों में लपटों ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर खड़ा फ्यूल टैंकर भी आग की चपेट में आ गया, जिससे धमाके जैसी स्थिति बन गई। आग की ऊंची लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। आसपास मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया और कई दुकानदारों ने तुरंत अपनी दुकानें बंद कर दीं।

13 लोग झुलसे, कई की हालत गंभीर

इस हादसे में 13 लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं। सभी को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। घायलों में बलराम नामक व्यक्ति की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की निगरानी कर रही है।

दमकल टीम ने 45 मिनट में पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भयानक थी कि उसे बुझाने में करीब 45 मिनट का समय लग गया। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी और फोम की मदद से आग पर काबू पाया। अगर समय रहते आग नहीं बुझती, तो आसपास के इलाके में और बड़ा हादसा हो सकता था।

विधायक पहुंचे अस्पताल, घायलों से की मुलाकात

घटना की जानकारी मिलते ही शाजापुर विधायक अरुण भीमावद देर रात अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और घायलों को हर संभव मदद दी जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak