khabar abhi tak

आंधी-तूफान में गिरा 11 हजार केवी का बिजली तार, 7 गोवंशों की मौत, दिए जांच के आदेश

सिंगरौली. मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के देवसर क्षेत्र के इटार गांव में शुक्रवार 29 मई की सुबह बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर नीचे गिरने से करंट की चपेट में आकर सात गोवंशों की मौत हो गई। घटना गांव के मेन रोड के पास स्थित ट्रांसफार्मर के पास हुई। हादसे के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली के खंभों और तारों की स्थिति लंबे समय से खराब थी। इसकी शिकायतें भी कई बार की गई थीं, लेकिन विभाग द्वारा समय रहते कोई सुधार कार्य नहीं किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि उचित रखरखाव होता तो इस हादसे को टाला जा सकता था।

पशुपालकों को उचित मुआवजा देने की मांग

गांव के सरपंच राम प्रकाश बैंस ने बताया कि शुक्रवार सुबह क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान चल रहा था। इसी दौरान 11 केवी लाइन का खंभा टूट गया, जिससे बिजली का तार नीचे गिर पड़ा। हादसे के समय कई मवेशी आसपास चर रहे थे, जो गिरे हुए तार की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और प्रभावित पशुपालकों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। मामले को लेकर देवसर के एसडीएम सौरव मिश्रा ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिल गई है। संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak