khabar abhi tak

उधार दिया गया रुपया लेने गए युवक को बंधक बनाकर पीटा, मौत, बेटी ने लगाए आरोप,

दमोह। दमोह जिले के बिजोरी गांव में 35 वर्षीय संतोष अहिरवार की गुरुवार दोपहर जिला अस्पताल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोसी नन्नू अहिरवार पर रुपए के लेनदेन को लेकर मारपीट का आरोप लगाया है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मृतक के हाथ-पैर बंधे हुए दिख रहे हैं।

                                परिजनों के अनुसार संतोष अहिरवार ने अपने पड़ोसी नन्नू अहिरवार को 4000 रुपये उधार दिए थे। जब भी संतोष अपने पैसे वापस मांगता था नन्नू टालमटोल करता था। बीते दिन संतोष अपने पैसे मांगने नन्नू के घर गया, जहां दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि नन्नू ने अपनी पत्नी और बेटियों के साथ मिलकर संतोष के हाथ-पैर बांधकर बुरी तरह पीटा। जब संतोष की बेटी आरती अपने पिता को बचाने पहुंची तो उसके साथ भी मारपीट की गई। परिजनों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया है जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। मारपीट के बाद आज दोपहर संतोष को सीने में दर्द हुआ। परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। वहीं मृतक की बेटी ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में ही रहने वाले नन्नू अहिरवार और उसके परिजनों के द्वारा पिता के साथ मारपीट की गई थी। वह रिपोर्ट दर्ज कराने जबलपुर नाका चौकी गए लेकिन उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। मृतक के परिजन रिपोर्ट दर्ज कराने जबलपुर नाका चौकी कब पहुंचे उन्हें जानकारी नहीं है। जो वीडियो वायरल हुआ है उसके अनुसार नन्नू और संतोष का विवाद हुआ था वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak