khabar abhi tak

रांझी में रहना है तो पैसा दो, न देने पर कर दिया लहूलुहान

 


जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में गुंडागर्दी और अवैध वसूली का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। यहाँ रेलवे लाइन के पास बैठे एक स्कूली छात्र से क्षेत्र के ही दो बदमाशों ने रांझी में सुरक्षित रहने के एवज में हर महीने 1000 रुपये की रंगदारी मांगी। छात्र द्वारा इस मांग को ठुकराने पर आरोपियों ने उस पर चाकू और लाठी से हमला कर लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गए। शांतिनगर का निवासी 16 वर्षीय हर्षित समन सेंट जोसेफ स्कूल में कक्षा 10वीं का छात्र है। वह देर रात अपने मित्र रौनक यादव और कुणाल शर्मा के साथ करोंदी मरघटाई स्थित रेलवे लाइन के किनारे बैठा हुआ था। इसी दौरान क्षेत्रीय निवासी मेहताब अंसारी और शोएल अंसारी वहां पहुंचे। आरोपियों ने हर्षित को धमकाते हुए कहा कि यदि वह इस इलाके में रहना चाहता है, तो उसे हर माह 1000 रुपये हफ्ता देना होगा।

चाकू से किये ताबड़तोड़ वार

​छात्र ने जब पैसे देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी हिंसक हो गए। उन्होंने हर्षित के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर मेहताब अंसारी ने चाकू निकालकर हर्षित के बाएं पुट्ठे पर प्रहार किया, जिससे गहरा घाव हो गया। वहीं शोएल अंसारी ने लाठी से छात्र की पीठ पर ताबड़तोड़ वार किए। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हुए, जिसके बाद दोनों हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। घायल छात्र की शिकायत पर रांझी पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध समुचित धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak