दिल्ली में कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और राहुल गांधी पर टिप्पणी के विरोध में उतरे छात्र नेता
जबलपुर।भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन की जबलपुर जिला इकाई ने सोमवार को कटंगा स्थित दूरदर्शन कार्यालय के सामने केंद्र सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष अनुज यादव और अभिनव मिश्रा ने किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस बल के बीच तीखी बहस और हल्की झड़प भी हुई।संगठन ने दिल्ली में दूरदर्शन कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की कड़े शब्दों में निंदा की। छात्र नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने वालों को हिरासत में लेना अधिकारों का हनन है। प्रदर्शन के दौरान मांग की गई कि गिरफ्तार साथियों को तुरंत रिहा किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि दूरदर्शन जनता के पैसे से चलने वाला संस्थान है, जिसे निष्पक्ष रहना चाहिए। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणियों को लेकर छात्रों में भारी रोष देखा गया। जिला अध्यक्ष सचिन रजक ने चेतावनी दी कि यदि दमनकारी नीतियां बंद नहीं हुईं और कार्यकर्ताओं को रिहा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में मुख्य रूप से राष्ट्रीय सचिव करन तामसेतवार, एजाज अंसारी, अर्पित सोनकर, सचिन शर्मा, आकाश सेन, दिलशाद अंसारी, मो समीम, जयसूर्या, विदांत श्रीवास्तव, समीर, कफील और आशिष सहित बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए।
