डिंडौरी। डिंडौरी के गाड़ासरई स्थित चरखुटिया गांव में एक शादी समारोह में बारातियों द्वारा पानी मांगने पर घरातियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। यहां तक कि वाहनों में तोडफ़ोड़ कर मोबाइल फोन फेंक दिए। इस घटना के बाद दूल्हा बिना शादी किए ही बारात लेकर वापस लौट गया।
बताया गया है कि देर रात मंडप के नीचे भोजन के बाद बारातियों द्वारा पानी मांगने पर घरातियों से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते गांव के अन्य लोग भी इसमें शामिल हो गए और उन्होंने बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान दूल्हे के पिता, भाई और चाचा सहित कई बाराती घायल हो गए। दूल्हे के चाचा जागेश्वर बैरागी ने बताया कि उनके भतीजे शनि बैरागी की बारात मंडला जिले के नारायणगंज से चरखुटिया गांव में ज्योति गंगावाल की बेटी अंकिता से शादी के लिए आई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पानी मांगने पर घराती भड़क गए। उनके बेटे ऋषभ के सिर में छह टांके लगे हैं। इसके अलावा, बारातियों की कार और बस में तोडफ़ोड़ की गई और वीडियो बनाते समय चार मोबाइल भी तोड़ दिए गए। घटना के बाद बारातियों ने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद ही वे वहां से निकल पाए। थाना प्रभारी अमृत लाल तिग्गा ने बताया कि उन्हें रात करीब तीन बजे सूचना मिली थी। पुलिस जब गांव पहुंची तो सभी लोग शराब के नशे में थे। पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
dindori