khabar abhi tak

पत्नी गई मायके तो गुस्साए पति ने फूंक दिया अपना ही घर, सिलेंडर हुआ ब्लास्ट, मचा हड़कंप

कटनी. एमपी के कटनी जिले से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है जिससे पूरा इलाका दहल गया। यहां पत्नी के मायके जाने से पति को इतना गुस्सा आ गया कि उसने अपना ही घर फूंक दिया। घर में लगी आग इतनी भीषण थी कि पूरा सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

घटना जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विलायत कला में 19 अप्रैल रविवार की देर शाम का है। जहां पारिवारिक विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। दरअसल, ग्राम विलायत कला निवासी कौशलेंद्र का अपनी पत्नी से किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढऩे पर उसकी पत्नी नाराज होकर मायके चली गई। घर में अकेले रह गए युवक ने आवेश में आकर अपने ही घर में आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरा घर लपटों में घिर गया और घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।

घर में रखा गैस सिलेंडर में हुआ ब्लास्ट

आग लगते ही लपटें तेजी से फैलने लगीं और कुछ ही देर में पूरा घर आग की चपेट में आ गया। आसपास के लोगों ने धुआं और आग की लपटें देख तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान घर के अंदर रखा रसोई गैस सिलेंडर आग की तपिश से फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज से पूरा गांव दहल उठा और लोग दहशत में आ गए। गनीमत रही कि घटना के समय घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग की वजह से घर का अधिकांश हिस्सा और कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना प्रभारी केके पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद और पुलिस के प्रयासों से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। थाना प्रभारी केके पटेल ने बताया कि आगजनी करने वाले युवक को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak