
दमोह. एमपी के दमोह देहात थाना क्षेत्र के हरद्वानी गांव में शनिवार 18 अप्रैल की देर रात जमीनी विवाद में शादी समारोह के दौरान पिता-पुत्र को गोली मार दी गई। इस घटना में 52 वर्षीय नरेश पटेल और उनके 30 वर्षीय बेटे सत्य प्रकाश पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सत्य प्रकाश को सिर के पास और नरेश को हाथ में गोली लगी थी। ज्यादा ब्लीडिंग के कारण हालत गंभीर होने पर ड्यूटी डॉक्टर मधुर चौधरी ने दोनों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही देहात थाना टीआई अमित कुमार गौतम और कोतवाली टीआई मनीष कुमार अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने घायलों के बयान लेकर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर यह भी जांच हो रही है कि कितने राउंड गोलियां चली थीं।
चिल्लाने की आवाज आई- उन्होंने गोली मार दी
घायलों के परिजन नितिन पटेल ने बताया कि पुराने जमीन विवाद के चलते देवी पटेल, गुड्डू पटेल, अखिलेश पटेल, नरेंद्र पटेल, अमर पटेल, अमर के भांजे और भदू आदिवासी ने 18 राउंड गोलियां चलाईं। घायल पिता नरेश पटेल ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ गांव में रिश्तेदारी में गए थे। मैं घर के पास पहुंचा तभी बेटे सत्य प्रकाश के चिल्लाने की आवाज आई कि उन्होंने गोली मार दी। जब हम बेटे के पास पहुंचे तो बेटा घायल पड़ा था। इसके बाद आरोपियों ने मुझ पर भी गोली चला दी। जिन लोगों ने गोली चलाई है उनमें अमर, दिनेश, हल्लू, अखिलेश सहित और भी लोग शामिल हैं।
आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित
घटना के बाद गांव में सीएसपी के साथ देहात थाना पुलिस तैनात की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों से बात कर यह पता लगाया जा रहा है कि कितने राउंड गोलियां चली थीं। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है, जल्द गिरफ्तारी की बात कही गई है। कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि दो लोगों को गोली लगने पर इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। घायलों ने बताया कि जमीनी विवाद के चलते उन पर गोलियां चलाई गईं। शनिवार रात गांव में शादी समारोह था, जिसमें पिता-पुत्र शामिल हुए थे। वहीं विवाद वाले लोग भी पहुंचे और आरोपियों ने गोलियां चला दीं।
जमीन की नपाई के दौरान विवाद हुआ था
एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया की हरद्वानी गांव में गोली चलने से पिता, पुत्र घायल हुए थे। जिन्हें इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। युवक की हालत गंभीर है।सीटी स्कैन के बाद ही पता चलेगा कि 12 बोर की बंदूक से फायर हुआ है या अन्य किसी हथियार का इस्तेमाल किया गया है। पूछताछ में अभी यह बात सामने आई है कि यह जमीनी विवाद विवाद है जो पिछले कई वर्षों से चला रहा है। दो-तीन दिन पहले भी जमीन की नपाई के दौरान कुछ विवाद हुआ था। घायलों ने करीब 9 आरोपियों के नाम बताए हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगी हुई है।