बताया गया है कि भोलगढ़ निवासी समयलाल पाव का परिवार चटुआ गांव के पास अपने खेत में काम करने गया था। दोपहर करीब 3 बजे जब 28 वर्षीय प्रेमवती पाव, अपने पति रामानुज और 6 साल के बेटे दीपक के साथ जंगल के रास्ते घर लौट रही थी। इस दौरान अचानक एक हाथी सामने आ गया। इससे पहले कि परिवार संभल पाता, हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने प्रेमवती व उनके पति व बेटे को अपने पैरों से कुचल दिया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं रामानुज पाव उम्र 33 वर्ष व उनका बेटा दीपक 6 वर्ष भी बुरी तरह घायल हुए हैं। ग्रामीणों व वन विभाग की मदद से दोनों को तुरंत अनूपपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। घटना की खबर मिलते ही वन विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार कौशलेंद्र मिश्र ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की सुध ली। वन विभाग ने बताया कि हमला करने वाला हाथी अब भी उसी जंगल के आसपास मौजूद है, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल है। विभाग की टीम हाथी की लोकेशन पर नजर रख रही है और लोगों को जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है।