पुलिस के अनुसार रजीत पिता रामदयाल उईके, उम्र 24 वर्ष निवासी गाजनडोह, रवि पिता नारायण उईके 22 वर्ष निवासी आमाझिरी व अमित पिता नारायण उईके 20 वर्ष निवासी आमाझिरी मोटर साइकल से शादी समारोह में शामिल होने गए थे। जहां से वे अपने घर जाने के लिए निकले। जब वे उमरेठ क्षेत्र से आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान सामने से आए भारी वाहन को साइड देने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटर साइकल के परखच्चे उड़ गए, वहीं तीनों युवकों के शरीर पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना होते देख राह चलते लोग रुक गए, जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने भी जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे, जिन्होने युवकों को देखा तो फूट-फूट कर रोए।