ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार 26 अप्रैल की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां बागेश्वर धाम की तरफ जा रही बस में अचानक आग लग गई। घटना के समय बस में कई यात्री सवार थे। आग के विशाल लपटें बस की खिड़कियों से निकल रही थी। बीच सड़क पर हुई इस घटना को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। यात्र्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह घटना सुबह 6:10 बजे पर घटी। शहर के झांसी रोड थाना क्षेत्र के सामने जयपुर से बागेश्वर धाम की तरफ जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि बस में उस समय कई यात्री सवार थे। जैसे ही बस से धुआं और आग की लपटें उठीं, मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक और स्थानीय लोगों की सतर्कता से यात्रियों को तुरंत बस से बाहर निकाला गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दमकल को दी सूचना
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।
जयपुर से निकली थी बस
मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात बस जयपुर से बागेश्वर धाम के लिए निकली थी। रविवार सुबह बस ग्वालियर पहुंची जहां चंद्रवानी नाका के पास कुछ लोग उतर गए। इसे नाके से जब गाड़ी थोड़ा आगे बढ़ी अचानक बस से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते उसमे आग लग गई। यात्रियों के अनुसार, आग लगने के कुछ मिनट पहले ही उन्हें जलने की बदबू और धुआं महसूस होने लगा था। इससे पहले की यात्री कुछ भी समझ पाते आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया था।
प्रभावित रहा यातायात
इस घटना के चलते कुछ समय के लिए झांसी रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सार्वजनिक परिवहन वाहनों में सुरक्षा मानकों और नियमित मेंटेनेंस की बहुत ज्यादा जरुरत है। जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बसों की नियमित जांच और फिटनेस पर जोर देने की बात कही है।
