पुलिस के अनुसार 8 अप्रैल को परतला निवासी भरत पटेल के यहां लगुन कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान मुख्य आरोपी नितिन मिश्रा ने कपिल लोधी पर सरेआम फायरिंग कर दी थी। गोली कपिल के सीने में लगी थी। पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि आरोपियों व पीडि़त के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चला रहा था। जैसे ही आरोपियों को पता चला कि कपिल लोधी कार्यक्रम में मौजूद है, नितिन मिश्रा व विनोद पटेल वहां पहुंचे और झूमाझटकी के बीच फायरिंग कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में पहले ही मुख्य आरोपी नितिन मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद पुलिस की टीम विनोद पटेल की तलाश में जुटी रही, जिसे आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि विनोद पटेल लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी विनोद पटेल का परतला गांव में जुलूस निकाला, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस का कहना है कि मामले की अन्य कडिय़ों की भी जांच की जा रही है।