khabar abhi tak

एमपी : पिपरिया स्टेट हाईवे पर भीषण दुर्घटना, ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई कार, 5 की मौत 7 गंभीर

नर्मदापुरम. मध्य प्रदेश के  पिपरिया-नर्मदापुरम स्टेट हाईवे पर एक भीषण दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है, वहीं 7 घायल टवेरा कार के परखच्चे उड़ गए.

नर्मदापुरम पुलिस ने बताया कि टवेरा सवार लोग बुदनी में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे. तभी आंचलखेड़ा के पास ये हादसा हो गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. सभी मृतक और घायल महेंद्रवाड़ी व माखननगर के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस व ग्रामीणों ने करीब 7 घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है.

क्रॉसिंग में ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई कार

नर्मदापुरम एसपी सांई कृष्णा एस थोटा के मुताबिक, घटना देर रात करीब एक बजे की है. महेंद्रवाड़ी निवासी टवेरा सवार सभी लोग बुदनी के एक गांव से लौट रहे थे. सभी शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे. तभी आंचलखेड़ा में क्रॉसिंग के पास उनकी कार अनाज से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की साइड से टकरा गई. घटना में 5 लोगों की मौत हो गई है, 7 घायल हैं.

हादसे में इनकी मौत

1- हरि सिंह पिता गणेशराम यादव (57), निवासी महेंद्रवाड़ी

2- विनीत यादव पिता मोहन यादव (22), निवासी महेंद्रवाड़ी

3- साहिल यादव पिता हरगोविंद यादव (19), निवासी महेंद्रवाड़ी

4- शुभम मोरप्पा पिता सुखराम (18), निवासी महेंद्रवाड़ी

5- संतोष प्रजापति पिता मंगल सिंह प्रजापति, निवासी माखननगर

खेत में मिले ट्रैक्टर ट्रॉली के टायर

टक्कर इतनी भीषण थी की ट्रैक्टर ट्रॉली के पिछले टायर घटनास्थल से कई फीट दूर एक खेत में मिले. वहीं, टवेरा के पुर्जे-पुर्जे सड़क पर बिखर गए. दुर्घटना की सूचना मिलते ही माखननगर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और वाहन की बुरी हालत के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया, जहां सोमवार सुबह सभी के शवों का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak