khabar abhi tak

कटनी में डंपर-कार भिड़ंत में 3 की मौत, दो गंभीर घायल, शादी समारोह से लौटते समय हादसा

कटनी. एमपी के कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसाडी के पास गुरुवार 30 अप्रैल की सुबह करीब 3 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक हाईवा डंपर ने सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। भिड़ंत में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल कटनी में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, नरसिंहपुर जिले के सगोरिया निवासी रघुवंशी परिवार के सदस्य शादी समारोह में शामिल होने के लिए बरही थाना क्षेत्र के पिपरिया कला खिरहनी गए थे। शादी संपन्न होने के बाद रात करीब 02 बजे पांचों सदस्य-अनिल रघुवंशी, राकेश रघुवंशी, अरुण रघुवंशी, अभिषेक रघुवंशी और गजेंद्र रघुवंशी-कार से वापस नरसिंहपुर लौट रहे थे।

पुलिसकर्मियों ने घायलों और शवों को बाहर निकाला

मृतक के परिजन भैरव सिंह रघुवंशी ने बताया कि जैसे ही उनकी कार बसाडी चौराहे के समीप पहुंची, सामने से आ रहे डंपर क्रमांक (एमपी 50 एच 1383) के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में अनिल, राकेश और अरुण रघुवंशी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों और शवों को बाहर निकाला। अभिषेक और गजेंद्र को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak