जबलपुर/भोपाल. एमपी में तेज गर्मी का दौर जारी है। रविवार 19 अप्रैल को अधिकतर जिलों में पारा 40 डिग्री के आसपास रहा। हालांकि, इस सीजन में छतरपुर के नौगांव में पारा सबसे ज्यादा रहा। यहां 44.3 डिग्री टेम्प्रेचर दर्ज किया गया। वहीं बड़े में सुमार जबलपुर में पारे ने पिछले तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। वहां तापमान 42.5 डिग्री रहा। वहीं सोमवार, 20 अप्रैल को भी मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। 45 से ज्यादा जिलों में तेज गर्मी पड़ेगी। वहीं 12 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है।
सीजन का नौगांव में सबसे ज्यादा पारा
छतरपुर के नौगांव में पारा सबसे अधिक 44.3 डिग्री दर्ज किया गया। इस सीजन में पहली बार पारा 44 डिग्री के पार पहुंचा है। इससे पहले शनिवार को रतलाम में तापमान 44 डिग्री रहा था।
जबलपुर में 3 साल का रिकॉर्ड टूटा
प्रदेश के पांच बड़े शहरों में भी पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा। जबलपुर में सबसे ज्यादा 42.5 डिग्री, ग्वालियर में 42.4 डिग्री, भोपाल में 41.8 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री और उज्जैन में 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जबलपुर में अप्रैल की गर्मी का पिछले 3 साल का रिकॉर्ड टूटा है। यहां आज तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया। साल 2023, 2024 और 2025 में पारा इससे कम रहा था।
इन शहरों में पारा 40 के पार रहा
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को नौगांव के बाद मंडला प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 43.9 डिग्री रहा। इसी तरह छतरपुर के खजुराहो में 43.4 डिग्री, दतिया, रीवा में 42.4 डिग्री, उमरिया-सतना में 43.1 डिग्री, दमोह में 43 डिग्री, नर्मदापुरम में 42.8 डिग्री, सीधी-सागर में 42.6 डिग्री, मलाजखंड में 42.5 डिग्री, धार में 42.2 डिग्री, टीकमगढ़ और श्योपुर में तापमान 42 डिग्री रहा।
20 अप्रैल को इन शहरों का तापमान
20 अप्रैल को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, सीहोर, नर्मदापुरम, उमरिया, कटनी, दमोह, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी,रायसेन, विदिशा, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, सिंगरौली, गुना, अशोकनगर, श्योपुर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में पारा 40 से 42 डिग्री के आसपास रहेगा। कुछ जिलों में 42 डिग्री के पार भी रह सकता है। इसके अलावा अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा और बैतूल में तापमान 35 से 39 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं।
