khabar abhi tak

जबलपुर:छात्रा से छेड़छाड़ के बाद कपड़े फाड़े, पुलिस बोली,इतना चलता है!

 


जबलपुर। शहर के घमापुर थाना क्षेत्र में एक सत्रह वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ अभद्रता, मारपीट और सरेराह कपड़े फाड़ने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। पीड़ित छात्रा और उसके परिजन स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट होकर अब वरिष्ठ अधिकारियों की शरण में पहुंचे हैं। परिजनों ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से इस मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और आरोपी हनी बेन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

​आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

​घटना वाले दिन मोहल्ले में रहने वाला युवक हनी बेन नाबालिग छात्रा के पास पहुंचा और उसके साथ अश्लील हरकतें और अभद्रता करने लगा। जब छात्रा ने इस दुर्व्यवहार का कड़ा विरोध किया तो आरोपी हिंसक हो गया और उसने सरेराह छात्रा के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी ने छात्रा के कपड़े भी फाड़ दिए जिससे वह मानसिक रूप से बेहद आहत और अपमानित महसूस कर रही है। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया और छात्रा को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। पीड़िता की मां ने जानकारी दी कि आरोपी हनी बेन का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पूर्व में भी एक नाबालिग से जुड़े मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत जेल जा चुका है। फिलहाल वह जमानत पर बाहर है और जेल से आने के बाद से ही वह छात्रा को लगातार परेशान कर रहा था। परिजनों के मुताबिक आरोपी कई बार छात्रा पर तेजाब फेंकने की धमकी भी दे चुका है जिसके कारण पूरा परिवार पिछले काफी समय से भय के माहौल में रहने को विवश है।

​एसपी से लगाई  न्याय की गुहार

​इस जघन्य घटना के बाद जब पीड़िता की मां शिकायत लेकर घमापुर थाना पहुंची तो वहां पुलिस का रवैया अत्यंत निराशाजनक रहा। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इस संवेदनशील मामले को पूरी तरह हल्के में लिया और रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी की। पुलिस कर्मियों ने यह कहकर मामले को टालने का प्रयास किया कि होली के त्यौहार के दिन इस तरह की घटनाएं सामान्य हैं और इतना तो चलता है। पुलिस के इस संवेदनहीन रवैये से आहत होकर पीड़िता और उसका परिवार काफी परेशान हो गया। स्थानीय थाने में कोई सुनवाई न होने के कारण पीड़िता अपनी मां के साथ  सीधे जबलपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत सौंपी। 

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak