khabar abhi tak

जबलपुर:गोलियों की आवाज से दहली जबलीपुरम कॉलोनी

 


जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत जबालीपुरम कॉलोनी में मॉपेड सवार दो अज्ञात नकाबपोश युवकों ने सरेराह फायरिंग कर सनसनी फैला दी। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है और आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार के सीवान जिला स्थित ग्राम फुलवरिया निवासी 40 वर्षीय हीरालाल यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। हीरालाल वर्तमान में जबालीपुरम कॉलोनी सूखा में रहकर निर्माण कार्यों की देखरेख और सुपरवाइजर का काम संभालता है। उसके साथ गांव का ही निवासी मार्केन्डे कुमार सिंह भी इसी साइट पर कार्यरत है। बीती रात लगभग 10:30 बजे जब हीरालाल और मार्केन्डे मुख्य मार्ग के समीप बन रहे एक मकान के सामने स्नान कर रहे थे तभी उन्हें अचानक तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब दोनों कर्मचारी सड़क की तरफ दौड़े तो उन्हें मॉपेड पर सवार दो युवक दिखाई दिए। कुछ ही पल बाद वहां दोबारा फायरिंग जैसी आवाज आई। आरोपियों के मौके से जाते ही जब सड़क पर जांच की गई तो वहां दो अलग-अलग स्थानों पर कारतूस के खोखे पड़े मिले। ​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों हमलावरों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से अपने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। माढ़ोताल थाना पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि मॉपेड के नंबर और आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak