नई दिल्ली. देश की ऊर्जा आपूर्ति और रसोई गैस (एलपीजी) वितरण को लेकर इंटर-मिनिस्ट्रियल ब्रीफिंग में कई अहम बातें सामने आई हैं. सरकार ने साफ किया है कि फिलहाल, घरेलू एलपीजी और पीएनजी की सप्लाई पूरी तरह से सामान्य है और इसमें कोई कटौती नहीं की गई है. यानी आम लोगों को गैस की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा. हालांकि, भविष्य की संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सरकार कुछ महत्वपूर्ण बदलाव कर रही है.
मिलेगा 10 प्रतिशत अतिरिक्त एलपीजी कोटा
सबसे बड़ा फैसला यह है कि अब सभी राज्यों को कमर्शियल गैस सिलेंडर पर 10त्न प्रतिशत अतिरिक्त एलपीजी कोटा दिया जाएगा. यह फैसला खासतौर पर छोटे व्यापारियों, ढाबा मालिकों और रेस्टोरेंट चलाने वालों के लिए राहत भरा है. अक्सर त्योहारों या ज्यादा मांग के समय इन्हें गैस की कमी झेलनी पड़ती थी, लेकिन अब इस समस्या में कमी आने की उम्मीद है.
देशभर में जारी रहेगी एलपीजी सप्लाई
सरकार ने यह भी बताया कि फिलहाल देशभर में कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी है. यानी व्यापारिक इस्तेमाल के लिए गैस की उपलब्धता बेहतर बनी हुई है.
40 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज
घरेलू गैस उत्पादन के मामले में भी अच्छी खबर है. देश में एलपीजी उत्पादन में लगभग 40त्न की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. यह सरकार के लिए एक सकारात्मक संकेत है. लेकिन इसके बावजूद अधिकारी मानते हैं कि वैश्विक और घरेलू स्तर पर गैस की स्थिति अभी पूरी तरह स्थिर नहीं है और आगे चुनौतियां आ सकती हैं.
सरकार ने लोगों से की ये अपील
इसी वजह से सरकार ने लोगों से एक खास अपील की है. जिन इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सुविधा उपलब्ध है, वहां रहने वाले लोग एलपीजी सिलेंडर की बजाय पीएनजी का इस्तेमाल शुरू करें. इससे गैस वितरण प्रणाली पर दबाव कम होगा और सभी को बेहतर तरीके से गैस मिल सकेगी. साथ ही पीएनजी को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक भी माना जाता है.
रिकॉर्ड स्तर पर एलपीजी बुकिंग ऑनलाइन
डिजिटल इंडिया की दिशा में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है. ब्रीफिंग में बताया गया कि आज 93 प्रतिशत एलपीजी बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से हो रही है. यह एक रिकॉर्ड स्तर है. सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे गैस बुक कराने के लिए एजेंसी पर जाने से बचें और केवल आधिकारिक ऐप या वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें. इससे समय भी बचेगा और अनावश्यक भीड़ भी कम होगी. सरकार ने यह भी चेतावनी दी है कि लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें. गैस की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह से नियंत्रण में है.
एलपीजी कैरियर जहाजों से जारी है सप्लाई
गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए सख्त कदम भी उठाए जा रहे हैं. हाल ही में देशभर के 2300 एलपीजी आउटलेट्स पर अचानक छापेमारी की गई. इसका उद्देश्य कालाबाजारी और अनियमितताओं पर रोक लगाना है. वहीं, मंत्रालय लगातार पूरे हालात पर नजर बनाए हुए है. एलपीजी कैरियर जहाजों से गैस की सप्लाई जारी है और किसी भी बंदरगाह पर कोई समस्या नहीं है. कुल मिलाकर, सरकार की कोशिश है कि आम जनता और व्यापारियों दोनों को बिना किसी परेशानी के गैस मिलती रहे और भविष्य की जरूरतों को भी समय रहते पूरा किया जा सके.
