इस अनुचित मांग को ठुकराने पर उनके बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है जिससे युवक वर्तमान में काफी मानसिक तनाव से गुजर रहा है
जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के व्हीकल मड़ई निवासी सागर कोल ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पीड़ित युवक दोपहर करीब 1 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई। सागर कोल का कहना है कि उनकी पत्नी अंजलि कोल और उनके मायके वाले लंबे समय से उन पर घर जमाई बनकर रहने का दबाव बना रहे हैं। इस अनुचित मांग को ठुकराने पर उनके बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है जिससे युवक वर्तमान में काफी मानसिक तनाव से गुजर रहा है।
झूठे आपराधिक प्रकरणों में फंसाने की धमकी
सागर कोल के अनुसार उनकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग उन्हें दहेज प्रताड़ना सहित अन्य झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की लगातार धमकी दे रहे हैं। इसी डर और भविष्य की चिंताओं के कारण उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के पास जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। युवक का आरोप है कि यदि समय पर इस मामले में उचित हस्तक्षेप नहीं किया गया तो उन्हें गंभीर कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने युवक के आवेदन को संज्ञान में लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है। अब जांच पूरी होने के बाद ही इस पारिवारिक विवाद की वास्तविकता सामने आ सकेगी।
