
जबलपुर। जिले के शहपुरा क्षेत्र में सोमवार को स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा बड़ी कार्यवाही की गई। राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क पर उतरकर स्कूली वाहनों का औचक निरीक्षण किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूल जाने वाले बच्चों के परिवहन में बरती जा रही लापरवाही को रोकना और सुरक्षा मानकों की जांच करना था। कार्यवाही का नेतृत्व तहसीलदार सुमित गुप्ता ने किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने स्कूली बच्चों को ले जा रही विभिन्न वैन और अन्य वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों और ईधन संचालन प्रणाली की गहनता से जांच की। इस प्रक्रिया के दौरान 2 मारुति वेन ऐसी पाई गईं जो नियमों के विरुद्ध अवैध रूप से एलपीजी गैस किट के माध्यम से चलाई जा रही थीं। स्कूली वाहनों में गैस किट का उपयोग सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील और जोखिम भरा माना जाता है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने तत्काल प्रभाव से दोनों मारुति वेन को जप्त किया और उन्हें शहपुरा थाना ले जाया गया। पुलिस की मौजूदगी में इन दोनों वाहनों से अवैध रूप से लगी गैस किट को पृथक करवाया गया। प्रशासन ने वाहन स्वामियों को कड़ी चेतावनी दी है कि बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस औचक निरीक्षण के बाद क्षेत्र के अन्य वाहन चालकों में भी हड़कंप देखा गया।