ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव लाडली बहना योजना की 34वीं किस्त जारी कर दी है। इस योजना के तहत प्रदेश की लाखों महिलाओं के बैंक खातों में सीधे पैसे ट्रांसफर किए गए हैं। महिलाएं लंबे समय से इस किस्त का इंतजार कर रही थीं, जो अब खत्म हो गया है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहे.
खातों में ट्रांसफर हुए 1836 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि इस बार सवा करोड़ से ज्यादा महिलाओं के खातों में कुल 1836 करोड़ की राशि ट्रांसफर की गई है। इस किस्त के तहत प्रत्येक लाभार्थी महिला के खाते में 1500 भेजे गए हैं। यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है, जिससे उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके।
कांग्रेस पर मुख्यमंत्री ने कसा तंज
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने चुनाव के दौरान जो वादा किया था, उसे पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं और आगे इसे बढ़ाकर 3000 रुपये करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
प्रदेश में एलपीजी की कोई कमी नहीं
मुख्यमंत्री ने एलपीजी को लेकर कहा कि पूरे प्रदेश में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। साथ ही कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की किसी तरह की कमी नहीं है।
