रेलवे का निर्णय : अब वंदे भारत स्लीपर और अमृत भारत में मिलेगा इमरजेंसी कोटा

नई दिल्ली. रेल यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। अब अमृत भारत एक्सप्रेस और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को इमरजेंसी कोटा भी मिलने वाला है। अभी तक इन ट्रेनों में आपातकालीन सीट की व्यवस्था नहीं थी लेकिन अब यात्रियों की जरूरतों और मांग को देखते हुए रेलवे बोर्ड द्वारा संबंध में नया सर्कुलर जारी कर दिया गया है। इसके बाद अब इन दोनों ही ट्रेनों में इमरजेंसी कोटा शुरू होगा जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।

कई बार लोगों को अपने घर परिवार में अचानक आई विपदा का सामना करना पड़ता है। गंभीर बीमारी का समय या वीआईपी ड्यूटी जैसे मौके अचानक सामने आ जाते हैं। ऐसे समय में आपातकालीन सीट मिलना मुश्किल हो जाता है, क्योंकि सीट फुल होने के बाद टिकट बुकिंग का कोई अर्थ नहीं रह जाता, क्योंकि बर्थ नहीं मिलती।

अब मिलेगा इमरजेंसी कोटा

अब तक वंदे भारत स्लीपर या फिर अमृत भारत ट्रेन में महिला, दिव्यांग, सीनियर सिटीजन और ड्यूटी पास कोटा ही उपलब्ध था। लेकिन अब रेलवे के आदेश के बाद इन ट्रेनों में कुछ सीट इमरजेंसी कोटा के तहत आरक्षित रखी जाएगी। जरूरत पडऩे पर यात्रियों को राहत दी जा सके इसके लिए यह फैसला लिया गया है। इस तरह से अमृत भारत ट्रेनों में सात या उससे अधिक स्लीपर कोच होंगे। जिसमें 24 बर्थ इमरजेंसी कोटा के लिए निर्धारित की गई है। वहीं वंदे भारत स्लीपर में कोच को श्रेणी और दिन के आधार पर सीटें तय की गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था एडवांस रिजर्वेशन पीरियड या बुकिंग की शुरुआत से लागू मानी जाएगी।

रेलवे कर सकती है बदलाव

इस व्यवस्था के संबंध में बोर्ड द्वारा जोनल रेलवे को यह अधिकार दिया गया है कि वह उपलब्धता के आधार पर समय-समय पर इस कोटे की समीक्षा कर सकते हैं और बदलाव भी कर सकते हैं। इस फैसले से उन यात्रियों को बहुत लाभ होगा, जिन्हें अचानक यात्रा करनी पड़ती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post